हरिद्वार
हरिद्वार। श्रावण मास के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने रामधाम कॉलोनी स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में परिवार सहित भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

मंदिर के पुजारी पंडित कमलाकर शास्त्री, पंडित अंकित शास्त्री, पंडित शारदा प्रसाद मिश्रा एवं पंडित पंकज द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
रुद्राभिषेक के पश्चात मंदिर के पुजारी पंडित कमलाकर शास्त्री ने विधायक आदेश चौहान एवं उनके परिवार को कलावा बांधकर आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि समस्त परिवार पर सदैव भगवान शिव की कृपा बनी रहे तथा भोलेनाथ की कृपा से वे अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहें।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से देश में शांति, सौहार्द और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्रावण मास के पावन सोमवार पर हुए इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने भी भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की।


