नई दिल्ली,
वैश्विक शांति, सद्भाव एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कार्यरत अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की जयंती के समापन अवसर पर नई दिल्ली में भव्य सद्भावना दिवस महोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में हरिद्वार निवासी चन्द्रपाल सिंह, महासचिव, डॉ. भीमराव अम्बेडकर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वेलफेयर सोसाइटी, हरिद्वार, उत्तराखण्ड को उनके रचनात्मक कार्यों, सामाजिक सेवाओं, सदाचारी जीवन तथा समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के लिए ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
श्री चन्द्रपाल सिंह को यह सम्मान राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत के राजनीतिक सलाहकार श्री हरपाल रावत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक एवं विधायक चौधरी रोहताश बेदी, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह, समारोह अध्यक्ष एवं रोमा इंटरनेशनल कल्चर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के चांसलर डॉ. एच.सी. गणेशिया, नेपाल राष्ट्र के जगतगुरु शिव शक्ति बाबा तथा अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक एवं नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा एडवोकेट की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री चन्द्रपाल सिंह ने अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच की कार्ययोजनाओं तथा वैश्विक शांति, सामाजिक समरसता एवं भारत-नेपाल मैत्री के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक सोच, सेवा, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
इस अवसर पर श्री चन्द्रपाल सिंह को नेपाल की राजधानी काठमाण्डौ में दिसंबर माह में प्रस्तावित सार्क राष्ट्रों के सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन में भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपने सामाजिक एवं जनसेवी कार्यों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं के संबंध में विचार व्यक्त किए।
अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने कहा कि मंच का उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘ग्लोबल विलेज’ एवं ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम्’ की भावना के माध्यम से विश्व बंधुत्व, सामाजिक समरसता, मानव एकता एवं वैश्विक शांति को बढ़ावा देना है।
समारोह में सम्पूर्ण भारत से चयनित 85 विशिष्ट प्रतिभाओं ने सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन प्रतिभाओं को ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, अधिवक्ता, चिकित्सक, सांस्कृतिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में उनके रचनात्मक योगदान को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


