हरिद्वार 17 सितंबर 2026
परमपूज्य स्वामी रामदेव जी व परमश्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी द्वारा स्थापित आवासीय शिक्षण संस्थान आचार्यकुलम्में आज खेलो महाकुम्भ- मुख्यमन्त्री चैम्पियन ट्रॉफी – 2026-2027 में आचार्यकुलम् द्वारा विशेष प्रदर्शन करके 12 स्वर्ण, 2 रजत, 1 कांस्य पदक जीतने पर हर्षोल्लास का वातावरण रहा।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय योगासन खेलो महाकुम्भ-मुख्यमन्त्री चैम्पियनशिप -2026-2027 जिसका आयोजन दिनांक 14-9-26 से 16-9-26 तक युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग उत्तराखण्ड (सहयोग शिक्षा खेल व पंचायती राज) की ओर से कराया गया। जिसमें प्रदेश के 350 बालक-बालिकाओं व ओपन में महिलाओं ने प्रतिभाग करते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 19 और 19 से 25 आयु वर्ग की बालिकाओं, बालकों व महिलाओं के के लिए किया गया।
हर्ष का विषय है कि योगासन खेलो महाकुम्भ में अंडर-14 में आचार्यकुलम् के अर्थव सिंह नेगी, यथार्थ शाह, यशोदा देवी, निवेदिता बिष्ट ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी क्रम में अनाया पंडित, त्रिशा ने रजत पदक व अमृत सिन्हा ने कांस्य पदक पर अधिकार किया। वहीं अंडर 19 में आस्था अविशी अवि, प्रारंभिका मिश्रा, सर्विल मोरेश्वर डोगरे, नील नितिन मुकेश, दक्ष मलिक, गोपाल सिंह, प्रतिष्ठा यादव, तनिष्का अग्रवाल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी योग विधाओं में स्वर्ण पदक हासिल कर सम्पूर्ण प्रदेश में आचार्यकुलम् को योग प्रतियोगिता में सर्वोच्च स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया।
सभी प्रतिभागियों को उत्तराखण्ड सरकार की ओर से ट्रैक सूट, योगा किट, मोजे, जूते तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹1500/-, ₹1000/- व ₹800/- धनराशि उनके खाते में प्रदान की गई ताकि आज की युवा पीढ़ी योग के प्रति जागरूक हो सके और योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य अंग मानें।
आचार्यकुलम् की परमादरणीया उपाध्यक्षा डॉ० ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’ सहित प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी जी ने विद्यार्थियों को शुभाशीष प्रदान किया तथा विशेष योगाचार्य उदयवीर दादाजी का आभार जताया।
इस पावन अवसर पर पतंजलि कैरियर अकादमी के प्रमुख प्रदीप जी, आचार्यकुलम् के उप-प्राचार्य तापस कुमार बेरा जी, समन्वयिका श्रीमती दीपा जी, क्रीड़ाध्यक्ष व मुख्य छात्रपाल अमित दानी जी सहित सभी आचार्यवृंद, कर्मचारीगण व योग प्रेमी विद्यार्थी उपस्थित रहे।


