हरिद्वार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के ज्वालापुर की “मीरी ते पीरी चैरिटेबल सोसाइटी” कोएस.डी.जी अचीवर अवॉर्ड 2024-25 में एस.डी.जी-8 (उत्तम कार्य एवं आर्थिक वृद्धि) श्रेणी के लिए दिया गया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की गति कायम रखते हुए राज्य को नई ऊँचाई पर ले जायेंगे। इस उपलब्धि ने संस्था के संगठन, प्रशिक्षकों तथा लाभार्थियों के लिए गर्व और उत्साह को और बढ़ा दिया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान पेनासोनिक सी.एस.आर पहल एंकर कौशल स्कूल के माध्यम से उनके द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों की मान्यता है। इस पहल के अंतर्गत उन्होंने कौशल विकास, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, महिलाओं का सशक्तिकरण और समुदायों में टिकाऊ आजीविका के अवसर प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया है। संस्था का मकसद केवल तकनीकी प्रशिक्षण देना नहीं था, बल्कि प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक और स्थायी रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी रहा।
यह सफलता उनके साझेदारों के साथ मिलकर किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पेनासोनिक लाइफ सोलूशन इंडिया प्राइवेट लिमेटिड की उदारता, मार्गदर्शन, उत्तराखंड सरकार के प्रोत्साहन और विभिन्न उद्योग भागीदारों व हितधारकों के सहयोग ने इस मिशन को सशक्त बनाया। एम.टी.पी चैरिटेबल सोसाइटी के अध्यक्ष विनय गर्ग ने सबसे अधिक धन्यवाद उन समर्पित प्रशिक्षकों और स्टाफ़ को दिया जिन्होंने कठिनाईयों के बावजूद विद्यार्थियों को प्रेरित और मार्गदर्शित किया। इसके अलावा उन्होंने उन सभी छात्रों का हृदय से आभार व्यक्त किया जिनकी मेहनत, दृढ़ संकल्प और सफलता की कहानियाँ संस्था को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। विनय गर्ग का कहना है कि उनके लिए यह सिर्फ पुरस्कार नहीं अपितु संस्था के द्वारा अब तक किये गए कार्यो की पुष्टि देता है और भविष्य में और अधिक प्रभावशाली परियोजनाएँ चलाने की प्रेरणा भी देता है। संस्था प्रतिबद्ध हैं कि और अधिक युवाओं तक पहुँचकर उन्हें रोज़गारोन्मुख कौशल सिखाएँगे, महिलाओं के लिए अवसर बनाएंगे और स्थानीय समुदायों में सतत विकास के लिए काम करें।
इस उपलब्धि पर संस्था के अध्यक्ष विनय गर्ग ने कहा कि यह सम्मान संस्था के समर्पित प्रशिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, उद्योग भागीदारों तथा सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से संस्था युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों तक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इस अवसर पर पेनासोनिक लाइफ सॉल्यूशन इंडिया के डिप्टी जनरल मैनेजर सौरभ गुप्ता ने कहा कि पेनासोनिक का उद्देश्य सी एस आर के माध्यम से समुदायों में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाना है। एंकर कौशल स्कूल इसी दिशा में एक सफल पहल है, जिसने अनेक युवाओं को रोजगार एवं बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान की है। उन्होंने एम.टी.पी चैरिटेबल सोसाइटी की प्रतिबद्धता और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह साझेदारी भविष्य में भी समाज के विकास और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस कार्यक्रम में पेनासोनिक की ओर से सी.एस.आर मैनेजर त्रिपुरारी राय और प्रियंका उपस्थित रहे।


