हरिद्वार
टिहरी विस्थापित पुनर्वास विकास कॉलोनी सुमन नगर के रोड नंबर-3 पर जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़कों और मकानों के आसपास पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी नहीं है, जबकि जिलाधिकारी की ओर से जल निकासी के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है।
जल निकासी के लिए लगाया गया एकमात्र ट्रैक्टर-पंप भी अब मौके से वापस लौट गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े क्षेत्र में जमा पानी निकालने के लिए एक पंप पर्याप्त नहीं था। ऐसे में पानी की निकासी नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीण आरएस भट्ट, अमन कुमार, रायपाल सिंह, विपिन कुमार आदि का कहना है कि समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को कई बार दी गई है। उनका आरोप है कि शिकायत के लिए फोन करने पर कई अधिकारियों से संपर्क तक नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि जल निकासी के लिए प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं तो मौके पर उनका प्रभावी ढंग से पालन क्यों नहीं हो रहा है।
कॉलोनी के कई हिस्सों में बारिश का पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों के स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही है और स्थानीय लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घरों में आने वाला पेयजल बदबूदार हो गया है, जिससे स्वच्छ पेयजल को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक जल निकासी के लिए लगाए गए ट्रैक्टर-पंप से अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी। पंप चालक ने भी कथित तौर पर बताया कि एक मशीन से इतने बड़े क्षेत्र का पानी निकालना संभव नहीं है और इसके लिए अतिरिक्त पंपिंग मशीनों की आवश्यकता है। इसके बावजूद पर्याप्त मशीनों की व्यवस्था नहीं होने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया।
बताया जा रहा है कि आपदा प्रबंधन, राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लेखपाल और कानूनगो स्तर पर भी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार से संपर्क करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली।ग्रामीणों का कहना है कि दो दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है और मौके पर अधिकारियों के नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि केवल एक पंप के भरोसे इतनी बड़ी समस्या का समाधान संभव नहीं है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें, पर्याप्त संख्या में पंपिंग मशीनें लगाकर जल निकासी कराई जाए तथा पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर बदबूदार पानी की समस्या का भी शीघ्र समाधान किया जाए।


